
संध्या का समय था। आकाश में हल्की लालिमा फैल चुकी थी और घर की छत पर ठंडी हवा बह रही थी। मैं कुर्सी पर बैठा था, और मेरी पुत्री गार्गी और भतीजी अनुषा, मेरे पास आकर बैठ गईं। उनके हाथों में वही पुरानी नोटबुक थी जिसमें वे सभ्यताओं की कहानियाँ लिखती थीं।
“पापा,” गार्गी ने उत्सुकता से पूछा, “आपने हमें यूनान के वैज्ञानिकों, पायथागोरस, अरस्तू और टॉलेमी के बारे में बताया था। अब आगे क्या हुआ? क्या रोमनों ने भी गणित और विज्ञान को आगे बढ़ाया?”
मैं मुस्कुराया। “यही तो आज की कहानी है,” मैंने कहा। “आज हम जानेंगे कि कैसे यूनान की ज्ञान-परंपरा ने रोमन साम्राज्य में प्रवेश किया और वहाँ एक नए रूप में विकसित हुई।”
अनुषा ने तुरंत पूछा, “क्या रोमनों ने नए सिद्धांत बनाए, या सिर्फ यूनानियों की नकल की?”
मैंने धीरे से उत्तर दिया, “यही समझना सबसे रोचक है। रोमनों ने शायद यूनानियों की तरह गहरे सैद्धांतिक गणित का विकास नहीं किया, लेकिन उन्होंने विज्ञान को व्यवहारिक जीवन में उतारने की कला विकसित की और यही उनकी सबसे बड़ी देन है।”
आकाश में धीरे-धीरे तारे चमकने लगे थे। मैंने ऊपर देखते हुए कहा, “जब यूनान में टॉलेमी ब्रह्मांड का मॉडल बना रहे थे, उसी समय रोम एक विशाल साम्राज्य के रूप में उभर रहा था। उनका ध्यान केवल सिद्धांतों पर नहीं था, वे सड़कों, पुलों, जलसेतुओं और सैन्य संरचनाओं पर केंद्रित थे।”
गार्गी ने कहा, “मतलब उनका विज्ञान अधिक ‘प्रैक्टिकल’ था?”
“बिल्कुल,” मैंने कहा। “जहाँ यूनानियों ने पूछा ‘यह क्यों होता है?’, वहीं रोमनों ने पूछा ‘इसे हम कैसे उपयोग कर सकते हैं?’”
मैंने कहानी को आगे बढ़ाया, रोमन सभ्यता में विज्ञान का विकास किसी एक व्यक्ति या एक ग्रंथ के कारण नहीं हुआ, बल्कि यह उनके व्यावहारिक जीवन की आवश्यकताओं से उत्पन्न हुआ। जब रोम एक छोटे नगर से एक विशाल साम्राज्य में बदल रहा था, तब उसे सड़कों, जल-प्रबंधन, सैन्य योजना और प्रशासन के लिए गणित और विज्ञान की आवश्यकता थी।
अनुषा ने पूछा, “क्या उन्होंने खुद गणित विकसित किया?”
मैंने उत्तर दिया, “कुछ हद तक, लेकिन उन्होंने अधिकतर ज्ञान यूनान से लिया और उसे अपने तरीके से ढाला। उदाहरण के लिए, उन्होंने यूनानी ज्यामिति का उपयोग कर सटीक निर्माण तकनीकें विकसित कीं।”
गार्गी ने अपनी नोटबुक खोलते हुए पूछा, “पापा, क्या रोमन संख्या प्रणाली उन्नत थी?”
मैंने थोड़ा गंभीर होकर कहा, “यही वह जगह है जहाँ रोमन गणित की कमजोरी सामने आती है।”
मैंने जमीन पर उंगली से लिखते हुए कहा, I, V, X, L, C, D, M
“यह है रोमन संख्या प्रणाली,” मैंने समझाया।
अनुषा ने तुरंत कहा, “स्कूल में पढ़ा था लेकिन इसमें तो जोड़-घटाना मुश्किल होगा!”
“बिल्कुल,” मैंने कहा। “यही कारण है कि रोमनों ने जटिल गणितीय सिद्धांत विकसित नहीं किए। उनकी संख्या प्रणाली स्थानमान (place value) पर आधारित नहीं थी, जो कि बाद में भारत में विकसित हुआ था।”
गार्गी ने उत्साहित होकर कहा, “मतलब भारतीय शून्य और दशमलव ने बाद में गणित को आगे बढ़ाया!”
मैंने मुस्कुराकर सिर हिलाया, “हाँ, लेकिन वह कहानी हम आगे सुनेंगे।”
हवा थोड़ी तेज़ हो गई थी। मैंने अपनी आवाज़ को थोड़ा ऊँचा किया, “रोमन सभ्यता की सबसे बड़ी ताकत थी, उनकी इंजीनियरिंग।”
मैंने कहा, “उन्होंने ऐसे-ऐसे निर्माण किए जो आज भी खड़े हैं। जैसे कोलोसियम, विशाल जलसेतु (Aqueducts), और सैकड़ों किलोमीटर लंबी सड़कें।”
अनुषा ने आश्चर्य से पूछा, “इतनी सटीकता कैसे संभव थी?”
“ज्यामिति,” मैंने उत्तर दिया। “उन्होंने त्रिभुजों, कोणों और मापों का उपयोग करके संरचनाएँ बनाई। भले ही उन्होंने नए प्रमेय नहीं खोजे, लेकिन उन्होंने पुराने सिद्धांतों को अद्भुत स्तर तक लागू किया।”
गार्गी ने आसमान की ओर देखते हुए पूछा, “तो क्या रोमनों ने खगोल विज्ञान में कुछ नया किया?”
मैंने उत्तर दिया, “रोमनों का खगोल विज्ञान मुख्यतः यूनानी परंपरा पर आधारित था। उन्होंने टॉलेमी के भूकेन्द्रीय (Geocentric) मॉडल को अपनाया, जिसमें पृथ्वी को ब्रह्मांड का केंद्र माना गया था।”
अनुषा ने पूछा, “क्या उन्होंने इसे चुनौती नहीं दी?”
“नहीं,” मैंने कहा, “रोमन वैज्ञानिक अधिकतर ज्ञान के संरक्षक (preservers) थे, वे नवप्रवर्तक (innovators) नही थे।”

अब मैंने कहानी को एक नए मोड़ पर ले जाते हुए कहा, “चिकित्सा, रोमन विज्ञान का एक और महत्वपूर्ण क्षेत्र था।”
मैंने बताया कि गैलेन जैसे चिकित्सकों ने मानव शरीर के बारे में विस्तृत अध्ययन किया। उनके विचार सदियों तक चिकित्सा विज्ञान में प्रभावी रहे।
गार्गी ने पूछा, “क्या उन्होंने चिकित्सा में प्रयोग किए थे?”
मैंने कहा, “हाँ, लेकिन सीमित मात्रा में। वे अधिकतर निरीक्षण और पशु-आधारित चिकित्सा के अध्ययन पर निर्भर थे।”
अब वातावरण शांत हो गया था। मैंने धीमी आवाज़ में कहा, “अगर तुम मुझसे पूछो कि रोमन सभ्यता की सबसे बड़ी वैज्ञानिक देन क्या थी, तो मैं कहूँगा, ज्ञान का संरक्षण।”
अनुषा ने आश्चर्य से पूछा, “कैसे?”
मैंने समझाया, “जब यूनान कमजोर हो रहा था, तब रोम ने उसके ज्ञान को अपनाया और पूरे यूरोप में फैलाया। अगर रोम नहीं होता, तो शायद यूनानी ज्ञान इतिहास में खो जाता।”
गार्गी ने धीरे से कहा, “मतलब रोम यूनान और भविष्य के बीच एक पुल था?”
मैंने संतोष से कहा, “हाँ, बिल्कुल। एक ऐसा पुल, जिसने प्राचीन ज्ञान को मध्यकाल और फिर आधुनिक युग तक पहुँचाया।”
आकाश अब पूरी तरह तारों से भर चुका था। तीनों कुछ क्षणों के लिए चुप रहे।
फिर अनुषा ने उत्साह से कहा, “ताऊजी,हमें यह बताइए कि रोमन इंजीनियरिंग इतनी उन्नत कैसे हुई और क्या उन्होंने खगोल विज्ञान में भी कभी कोई नई खोज की थी?”
मैंने मुस्कुराकर कहा “वह कहानी और भी रोचक है और लंबी भी।”
रात अब और गहरी हो चुकी थी। हवा में ठंडक बढ़ गई थी, और दूर कहीं मंदिर की घंटी की हल्की ध्वनि सुनाई दे रही थी। आकाश तारों से भरा था मानो स्वयं ब्रह्मांड हमारी बातचीत को सुन रहा हो।
गार्गी ने अपनी नोटबुक को थोड़ा और पास खिसकाया और बोली, “पापा, आपने कहा था कि रोमनों की सबसे बड़ी शक्ति उनकी इंजीनियरिंग थी। क्या वे सच में इतने महान निर्माणकर्ता थे?”
मैंने गहरी सांस ली और कहा, “इतने महान कि आज भी दुनिया उनके बनाए चमत्कारों को देखकर आश्चर्य करती है। लेकिन उनकी महानता केवल पत्थरों और इमारतों में नहीं थी, वह गणित, मापन और विज्ञान के सूक्ष्म प्रयोग में छिपी थी।”
अनुषा ने उत्साह से पूछा, “तो क्या आज हम उनके रहस्यों को जानेंगे?”
मैं मुस्कुराया “हाँ, आज हम उस दुनिया में प्रवेश करेंगे जहाँ गणित केवल कागज़ पर नहीं, बल्कि पत्थरों, पानी और समय में जीवित था।”
मैंने धीरे-धीरे कहना शुरू किया, “जब रोमन साम्राज्य अपने विस्तार पर था, तब उसे एक ऐसी चीज़ की आवश्यकता थी जो उसे जोड़ सके, सड़कों का जाल।”
गार्गी ने कहा, “लेकिन सड़क बनाना तो आसान है, है ना?”
मैंने सिर हिलाया “नहीं, बिल्कुल नहीं। रोमनों की सड़कें केवल रास्ते नहीं थीं, वे गणितीय सटीकता का उदाहरण थीं।”
मैंने समझाया कि वे सड़कों को सीधी रेखाओं में बनाते थे, जहाँ संभव हो। इसके लिए उन्हें दूरी मापनी होती थी, कोण निर्धारित करने होते थे, और भूमि की ढलान को समझना पड़ता था।
“वे ‘ग्रोमा’ नामक उपकरण का उपयोग करते थे,” मैंने बताया, “जिससे वे सीधी रेखाएँ और समकोण बना सकते थे।”
अनुषा ने पूछा, “मतलब उन्होंने ज्यामिति का उपयोग किया?”
“हाँ,” मैंने कहा, “वे भले ही उन्होंने यूक्लिड की तरह सिद्धांत नही लिखे, लेकिन वे यूक्लिड के सिद्धांतों को जमीन पर उतारते थे।”
अब मैंने हाथ से हवा में एक लंबा पुल बनाने का संकेत किया, “कल्पना करो, एक ऐसा पुल जो बिना किसी मशीन के पानी को पहाड़ों से शहर तक लाता है।”
गार्गी की आँखें चमक उठीं, “यह कैसे संभव है?”
मैंने कहा, “यह गुरुत्वाकर्षण और ढलान की सटीक गणना से संभव हुआ।”
मैंने आगे बताया कि रोमनों ने जलसेतुओं को इस तरह डिजाइन किया कि पानी धीरे-धीरे नीचे की ओर बहता रहे। यदि ढलान बहुत तेज़ होती, तो पानी बहकर नष्ट हो जाता; यदि बहुत कम होती, तो पानी रुक जाता।
अनुषा ने गंभीरता से पूछा, “तो उन्हें सही कोण कैसे पता चलता था?”
मैंने उत्तर दिया, “यही तो उनकी प्रतिभा थी, वे छोटे-छोटे मापों के माध्यम से बड़ी संरचनाओं को नियंत्रित करते थे।”
मैंने उदाहरण देते हुए कहा, “पोंट डू गार्ड! यह जलसेतु आज भी खड़ा है, और उसकी सटीकता आधुनिक इंजीनियरों को भी चकित करती है।”
गार्गी ने अब एक नया प्रश्न पूछा, “पापा, क्या रोमनों ने क्षेत्रफल और आयतन की गणना भी की?”
मैंने कहा, “हाँ, लेकिन उनके लिए यह कोई अमूर्त गणित नहीं था। यह उनके लिए खेतों की माप, भवनों के निर्माण और सैन्य शिविरों की योजना से जुड़ा था।”
मैंने जमीन पर एक आयत का चित्र बनाते हुए कहा, “मान लो यह एक भूमि है। उन्हें इसका क्षेत्रफल जानना था ताकि कर (tax) निर्धारित किया जा सके।”
फिर मैंने कहा, “इस प्रकार गणित उनके लिए रोजमर्रा के जीवन का उपकरण था, न कि यूनान के जैसे केवल विचार का खेल।”
अब मैंने अपनी आवाज़ में थोड़ा नाटकीयता लाते हुए कहा, “रोमन सेना केवल बल से नहीं, बल्कि गणित और संगठन से जीतती थी।”
अनुषा ने पूछा, “कैसे?”
मैंने बताया कि उनकी सेना को छोटे-छोटे समूहों में बाँटा जाता था,हर समूह का आकार, स्थान और गति गणितीय रूप से निर्धारित होती थी।
“वे युद्धभूमि को एक ग्रिड की तरह देखते थे,” मैंने कहा। “हर सैनिक की स्थिति महत्वपूर्ण होती थी।”
गार्गी ने कहा, “मतलब यह एक तरह का ‘जीवित ज्यामिति’ था?”
मैंने हँसते हुए कहा, “बहुत सुंदर शब्द चुना तुमने, हाँ, यह सच में जीवित ज्यामिति थी।”
अब मैंने आसमान की ओर इशारा किया, “तुम्हें पता है, रोमनों ने समय को भी नियंत्रित करने की कोशिश की।”
अनुषा ने पूछा, “कैसे?”
मैंने कहा, “उन्होंने एक कैलेंडर बनाया, जो बाद में जूलियन कैलेंडर का निर्माण के रूप में प्रसिद्ध हुआ।”
मैंने बताया कि जूलियस सीज़र ने खगोलविदों की सहायता से वर्ष की लंबाई को अधिक सटीक रूप से निर्धारित किया।
गार्गी ने कहा, “तो यह खगोल विज्ञान का उपयोग था?”
“हाँ,” मैंने कहा, “समय को व्यवस्थित करना, यह खगोल विज्ञान का सबसे व्यावहारिक उपयोग था।”
अब मैंने कहानी को थोड़ा गंभीर बना दिया, “रोमन सभ्यता में चिकित्सा भी एक महत्वपूर्ण क्षेत्र था।”
मैंने कहा, “गैलेन ने शरीर के अंगों और उनके कार्यों का अध्ययन किया।”
अनुषा ने पूछा, “क्या उन्होंने मानव शरीर पर प्रयोग किए?”
मैंने उत्तर दिया, “अधिकतर पशुओं पर, लेकिन उनके निष्कर्षों ने सदियों तक चिकित्सा को प्रभावित किया।”
हवा में अब एक अलग शांति थी। मैंने धीरे से कहा, “रोमन वास्तुकला केवल मजबूत नहीं थी, वह सुंदर भी थी।”
मैंने उदाहरण दिया, “पैंथियन, इसका गुंबद आज भी दुनिया के सबसे बड़े बिना सहारे वाले गुंबदों में से एक है।”
गार्गी ने पूछा, “यह कैसे संभव हुआ?”
मैंने कहा, “यह वृत्त, त्रिज्या और भार संतुलन के सटीक गणना से संभव हुआ।”
अब मैंने निष्कर्ष की ओर बढ़ते हुए कहा, “रोमन साम्राज्य ने केवल निर्माण ही नहीं किया, उसने ज्ञान को फैलाया भी था।”
मैंने बताया कि उनकी सड़कें, पुस्तकालय और प्रशासनिक व्यवस्था ने ज्ञान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचाया।
अनुषा ने धीरे से कहा “मतलब वे केवल निर्माता नहीं, बल्कि ज्ञान के वाहक भी थे?”
मैंने संतोष से कहा, “हाँ, और यही उन्हें महान बनाता है।”
रात अब गहरी हो चुकी थी। चाँद निकल आया था।
गार्गी ने अपनी नोटबुक बंद करते हुए कहा, “पापा, अब मैं समझ गई हूँ, रोमन सभ्यता ने विज्ञान को ‘जीना’ सिखाया।”
अनुषा ने मुस्कुराते हुए कहा, “और अगली कहानी में, क्या हम जानेंगे कि यह ज्ञान आगे कहाँ गया?”
मैंने आसमान की ओर देखते हुए कहा, “हाँ, अगली यात्रा हमें ले जाएगी ,उस युग में जहाँ यह ज्ञान नई रोशनी में फिर से जन्म लेता है।”

रात अब अपने चरम पर थी। चाँद आकाश के बीचोंबीच आ गया था और उसकी शीतल रोशनी छत पर फैल रही थी। हवा में एक अजीब सी शांति थी,मानो समय स्वयं ठहर गया हो। गार्गी और अनुषा मेरे और भी करीब आकर बैठ गईं। उनकी आँखों में उत्सुकता थी, लेकिन इस बार उसमें एक हल्की गंभीरता भी झलक रही थी।
“ताऊजी,” अनुषा ने धीमे स्वर में पूछा, “क्या हर महान सभ्यता का अंत होता है?”
मैंने कुछ क्षण आकाश की ओर देखा, फिर कहा, “हाँ, लेकिन अंत हमेशा अंत नहीं होता। कभी-कभी वह एक नई शुरुआत का द्वार होता है।”
गार्गी ने धीरे से कहा, “तो क्या रोमन साम्राज्य का भी ऐसा ही अंत हुआ?”
मैंने सिर हिलाया, “हाँ, और उसकी कहानी जितनी दुखद है, उतनी ही प्रेरणादायक भी।”
मैंने कहानी को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया, “रोमन साम्राज्य, जिसने सड़कों, जलसेतुओं और विज्ञान के अद्भुत प्रयोगों से दुनिया को बदल दिया था, धीरे-धीरे कमजोर होने लगा। आंतरिक संघर्ष, आर्थिक समस्याएँ और बाहरी आक्रमण, इन सबने मिलकर उसकी नींव को हिला दिया।”
अनुषा ने पूछा, “क्या इसका असर विज्ञान और गणित पर भी पड़ा?”
मैंने गंभीरता से कहा, “बहुत गहरा असर पड़ा। जब समाज अस्थिर होता है, तो ज्ञान की खोज पीछे छूट जाती है।”
गार्गी ने कहा, “मतलब लोग निर्माण और खोज छोड़कर केवल जीवित रहने की चिंता करने लगे?”
“बिल्कुल,” मैंने उत्तर दिया।
मैंने धीरे से कहा, “सन् 476 ईस्वी यह वह वर्ष था जब पश्चिमी रोमन साम्राज्य का पतन हुआ।”
अनुषा ने आश्चर्य से पूछा, “क्या उस दिन सब कुछ खत्म हो गया?”
मैंने मुस्कुराकर कहा, “इतिहास कभी इतना अचानक नहीं बदलता, लेकिन यह एक प्रतीकात्मक अंत था, एक युग का अंत।”
हवा अब थोड़ी ठंडी हो गई थी। मैंने अपनी आवाज़ को और धीमा कर लिया, “रोमन साम्राज्य के पतन के बाद यूरोप में एक ऐसा समय आया जिसे अक्सर ‘अंधकार युग’ कहा जाता है।”
गार्गी ने तुरंत पूछा, “क्या सच में सब कुछ अंधकारमय था?”
मैंने कहा, “पूरी तरह नहीं, लेकिन ज्ञान का प्रवाह धीमा हो गया था। पुस्तकालय नष्ट हो गए, विद्वान बिखर गए, और विज्ञान की गति रुक सी गई।”
अब मैंने कहानी में एक नया मोड़ लाया, “लेकिन ध्यान से सुनो, रोमन ज्ञान पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ था।”
अनुषा की आँखों में चमक आ गई , “तो वह कहाँ गया?”
मैंने कहा, “वह पूर्व की ओर चला गया, जहाँ बीजान्टिन साम्राज्य अभी भी जीवित था।”
गार्गी ने पूछा, “क्या उन्होंने उस ज्ञान को सुरक्षित रखा?”
“हाँ,” मैंने कहा, “उन्होंने यूनानी और रोमन ग्रंथों को संरक्षित किया, जैसे एक दीपक को आँधी से बचाया जाता है।”
अब मेरी आवाज़ में उत्साह लौट आया, “और फिर एक अद्भुत घटना हुई।”
अनुषा ने झुककर पूछा, “क्या?”
मैंने कहा, “जब यूरोप में अंधकार था, तब मध्य-पूर्व और एशिया में ज्ञान का एक नया सूर्योदय हुआ, जिसे हम इस्लामी स्वर्ण युग कहते हैं।”
गार्गी ने उत्सुकता से पूछा, “क्या उन्होंने रोमन और यूनानी ज्ञान को अपनाया?”
मैंने गर्व से कहा, “हाँ, और उसे और आगे बढ़ाया।”
मैंने विस्तार से बताया, “हाउस ऑफ विजडम जैसे संस्थानों में विद्वानों ने यूनानी और रोमन ग्रंथों का अनुवाद किया। उन्होंने केवल उन्हें सुरक्षित नहीं रखा, बल्कि उनमें नए विचार भी जोड़े।”
अनुषा ने पूछा, “क्या उन्होंने गणित और खगोल विज्ञान को आगे बढ़ाया?”
मैंने कहा, “हाँ, उन्होंने बीजगणित, त्रिकोणमिति और खगोलीय गणनाओं में अद्भुत प्रगति की।”
अब मैंने कहानी को उसके अगले चरण की ओर मोड़ा “सदियों बाद, यही ज्ञान वापस यूरोप पहुँचा।”
गार्गी ने धीरे से कहा, “और यही पुनर्जागरण था?”
मैंने मुस्कुराकर कहा, “हाँ, पुनर्जागरण, एक ऐसा समय जब यूरोप ने फिर से ज्ञान को अपनाया।”
मैंने आगे कहा , “इस समय के विद्वानों ने प्राचीन यूनानी और रोमन ग्रंथों को पढ़ा, समझा और आगे बढ़ाया। उन्होंने प्रश्न पूछे, प्रयोग किए और नई खोजें कीं।”
अनुषा ने उत्साह से पूछा,“क्या यही आधुनिक विज्ञान की शुरुआत थी?”
मैंने कहा“हाँ, यही वह बिंदु था जहाँ से आधुनिक विज्ञान की यात्रा शुरू हुई।”
अब मैंने कहानी को धीरे-धीरे समाप्ति की ओर लाया , “तो अब तुम समझ सकती हो, रोमन सभ्यता का महत्व केवल उसके निर्माणों में नहीं था, बल्कि उस ज्ञान में था जिसे उसने संरक्षित और फैलाया।”
गार्गी ने गहरी सांस लेते हुए कहा, “मतलब अगर रोम नहीं होता, तो शायद पुनर्जागरण भी नहीं होता?”
मैंने सिर हिलाया,“संभव है।”
अनुषा ने आकाश की ओर देखते हुए कहा, “तो यह ज्ञान एक यात्रा की तरह है, एक सभ्यता से दूसरी तक”
मैंने मुस्कुराकर कहा, “हाँ, और हम भी उसी यात्रा का हिस्सा हैं।”
रात अब शांत थी। चाँद धीरे-धीरे पश्चिम की ओर झुक रहा था।
गार्गी ने अपनी नोटबुक में अंतिम पंक्ति लिखी, “ज्ञान कभी मरता नहीं, वह केवल अपना घर बदलता है।”
“ज्ञान कभी मरता नहीं, वह केवल अपना घर बदलता है।”
मैंने दोनों बेटियों की ओर देखा और कहा, “और यही इतिहास का सबसे सुंदर सत्य है।”
